फरीदाबाद में नकाबपोश हमलावरों ने तोड़ी युवक की टांगें
फरीदाबाद, 14 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद की डबुआ कालोनी में दर्जनभर नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक को बीच बाजार घेर लिया। पहले उसे सडक़ पर गिराकर जमकर लाठी-डंडों से पीटा, इसके बाद पैर पकडक़र सडक़ पर काफी दूर तक घसीटा। हैरानी की बात यह रही कि आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी उसे बचाने की कोशिश नहीं की। यह पूरी घटना बाजार की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बदमाशों के भाग जाने के बाद परिजनों ने बेसुध युवक को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में पता चला कि लाठी-डंडों के वार से उसकी दोनों टांगें टूट चुकी हैं। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, घायल युवक सागर (22) डबुआ कॉलोनी का रहने वाला है और एक निजी कंपनी में काम करता है। मंगलवार रात वह अपने दोस्त के साथ दुकान से दूध की थैली लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान डबुआ-गाजीपुर में मस्जिद के पास नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने डंडों और सरियों से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले को देखकर उसका दोस्त वहां से भाग गया। सागर खुद को संभाल नहीं पाया और हमलावरों ने उसे सडक़ पर गिराकर बेरहमी से पीटा। डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कुछ दिन पहले सागर के दोस्त का कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था। उस झगड़े के दौरान सागर भी वहां मौजूद था। पुलिस इसी पुराने विवाद के कोण से भी मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, सागर का इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है। पुलिस टीम उसके बयान दर्ज करने के लिए रवाना कर दी गई है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर