फरीदाबाद : ट्रक ने मारी बाइक को टक्कर, महिला व युवक की मौत
फरीदाबाद, 12 जून (हि.स.)। फरीदाबाद में बडख़ल मेट्रो फ्लाईओवर के पास तेज स्पीड़ ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार एक महिला व युवक की मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विशाल (24) नामक युवक एक निजी कंपनी में काम करता था। गुरुवार देर रात वह अपनी बाइक पर दोस्त अभिषेक और एक महिला को लेकर घर के लिए जा रहा था। विशाल और अभिषेक एक कंपनी में साथ में काम करते है। जबकि महिला उनकी जानकार बताई जा रही है। तीनों बाइक पर सवार होकर बल्लभगढ़ से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। विशाल और अभिषेक गांव जाजरू में किराए के मकान में रहते हैं। जबकि महिला के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। बडख़ल फ्लाईओवर पर एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में विशाल और महिला की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतकों शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। सूरजकुंड थाना इंचार्ज प्रहलाद ने जानकारी देते हुए बताया कि, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायल हालात में उनको बीके अस्पताल में लाया गया। जहां पर दो को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ट्रक का अभी पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर