फरीदाबाद : कंटेनर की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत
फरीदाबाद, 18 जून (हि.स.)। जिले के बल्लभगढ़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सडक़ हादसे में 35 वर्षीय सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। वह रोजाना की तरह अपने लोडिंग ई-रिक्शा से डबुआ सब्जी मंडी सब्जी लेने जा रहा था। तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक की टक्कर से उनका ई-रिक्शा पलट गया और वह सडक़ पर गिर पड़े। इसके बाद कंटेनर उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भिजवा दिया। मृतक की पहचान बल्लभगढ़ की रघुवीर कॉलोनी निवासी मनोज (35) के रूप में हुई है। मनोज घर के पास ही सब्जी बेचने का काम करता था और हर दिन सुबह डबुआ सब्जी मंडी से सब्जियां खरीदकर लाता था। आज सुबह भी वह अपनी लोडिंग ई-रिक्शा से मंडी जाने के लिए निकला था। जब वह मुजेसर फ्लाईओवर से उतरकर बाटा रेड लाइट से करीब 150 मीटर पहले सर्विस लेन की ओर मुड़ा, तभी पीछे से आ रहे एक कंटेनर ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शी विक्रम के अनुसार, टक्कर लगते ही ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया और मनोज सडक़ पर जा गिरा। इससे पहले कि वह संभल पाता, कंटेनर उसके ऊपर चढ़ गया। जिससे मनोज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। हादसे के बाद कंटेनर ड्राइवर वाहन छोडक़र भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन वहां मौजूद राहगीरों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के चाचा राजकुमार ने बताया कि मनोज अपनी पत्नी, तीन बेटियों और बुजुर्ग माता-पिता के साथ रघुवीर कॉलोनी में रहता था। परिवार का खर्च चलाने की पूरी जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। मौके पर पहुंचे सेक्टर-11 चौकी के एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में कंटेनर की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत होना सामने आया है। आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर