फरीदाबाद : डंपर ने तीन युवकों को कुचला, दो की हुई मौत

 


फरीदाबाद, 08 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में छोटी दीपावली की रात पाली-भाखरी रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान पाली गांव निवासी हरेंद्र भड़ाना (42) और नेहरू कॉलोनी निवासी साहिल जाटव (22) के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान बबलू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक शनिवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पाली-भाखरी रोड पर किसी डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सडक़ पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभालने के साथ पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे के बाद तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हरेंद्र भड़ाना और साहिल जाटव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बबलू की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका उपचार जारी है। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया। छोटी दिवाली पर घर लौटने का इंतजार कर रहे परिजनों को हादसे की खबर मिली तो खुशियां मातम में बदल गईं। बताया जा रहा है कि साहिल ने धनतेरस के अवसर पर नई बाइक खरीदी थी। इसी बाइक पर सवार होकर तीनों युवक ड्यूटी से घर लौट रहे थे। लेकिन छोटी दिवाली की रात हुए हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। डंपर ड्राइवर और हादसे के कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। सूरजकुंड थाना प्रभार प्रहलाद के मुताबिक टक्कर मारने वाला डंपर मौके से भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर