फरीदाबाद : ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, मां की मौत, बेटा गंभीर
फरीदबाद, 21 मार्च (हि.स.)। बल्लभगढ़ में मथुरा-आगरा नेशनल हाइवे नंबर 19 पर एक सडक़ हादसे में महिला की मौत हो गई। महिला बाइक पर अपने बेटे के साथ अस्पताल से दवाई लेकर वापस घर लौट रही थी। अनाज मंडी के पास एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुभाष कालोनी के रहने वाले राज बहादुर साहूकार का कहना है कि शुक्रवार शाम को उसका बेटा शिवम अपनी मां पूनम को बाइक पर ईएसआइ से दवा दिलवा कर घर ला रहा था। जब वह बाइक से हाइवे पर अनाज मंडी के पास पहुंचे तो शराब के ठेके के पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी पत्नी पूनम की मौत हो गई जबकि बेटा शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद ट्रक का ड्राइवर ट्रक को मौके से लेकर फरार हो गया।शिवम को इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर जाया गया, जहां से उसको एम्स रेफर कर दिया गया। थाना आदर्श नगर इंचार्ज मनोज कुमार ने शनिवार काे बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है । पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर