फरीदाबाद पुलिस परिवार के आठ पुलिसकर्मी हुए सेवानिवृत्त

 


फरीदाबाद, 30 सितंबर (हि.स.)। पुलिस विभाग में वर्षों तक ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले फरीदाबाद पुलिस परिवार के आठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बुधवार को भावभीनी विदाई दी गई। सेक्टर-21सी स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित विदाई समारोह में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को स्मृति-चिह्न, उपहार एवं शुभकामना भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके दीर्घकालीन सेवाकाल को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं खुशहाल भविष्य की कामना की।

समारोह में सहायक पुलिस आयुक्त बडख़ल अर्जुन देव सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह का माहौल एक ओर जहां सम्मान और गौरव से भरा रहा, वहीं लंबे समय तक साथ काम करने वाले सहकर्मियों से विदाई के दौरान भावुक क्षण भी देखने को मिले। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेवानिवृत्त होने वालों में इंस्पेक्टर हरभोज खान, इंस्पेक्टर बलजीत सिंह, इंस्पेक्टर यशपाल, एसआई योगेश, ईएसआई बादाम सिंह, ईएसआई महावीर सिंह, ईएसआई राजेंद्र तथा ईएसआई कन्हैया शामिल हैं। इन सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने तथा आमजन की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर