फरीदाबाद : 300 किलो पटाखे बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच डीएलएफ और सेक्टर-48 की टीम ने मंगलवार काे अवैध रूप से बेचे जा रहे करीब 300 किलो पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम को सूचना मिली थी कि न्यू जनता कॉलोनी, एनआईटी निवासी कपिल वर्मा ईको गाड़ी में पटाखे लेकर अवैध रूप से बेचने जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। उसके कब्जे से 125 किलो प्रतिबंधित पटाखे मिले। दूसरे मामले में क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने ओल्ड फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी से नरेंद्र नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 104 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। जबकि सेक्टर-48 की टीम ने गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी मोहित माथुर को सेक्टर-48 मार्केट के पीछे से पकड़ा। उसके कब्जे से 35 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। पुलिस अब इन लोगों से सप्लाई चैन के बारे में पता कर रही है। प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि ये लोग किन-किन को अपना माल बेच रहे थे । इस माल को ये लोग कहां से खरीदकर लाते थे।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर