फरीदाबाद में तीन वर्षीय बच्चे की गला काटकर हत्या

 


फरीदाबाद, 21 जून (हि.स.)। सूरजकुंड थाना क्षेत्र के शिव दुर्गा विहार में एक तीन वर्षीय बच्चे की गला काटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के वक्त घर में बच्चा अकेला था, उसके मां-बाप घर से बाहर गए हुए थे। वहीं दूसरे कमरे में बच्चे की मौसी मौजूद थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जानकारी के अनुसार, शिव दुर्गा विहार के एच ब्लॉक में सौरभ नामक व्यक्ति के मकान में सुधा तिवारी अपने परिवार के साथ किराए पर रहती थी। परिवार कुछ समय पहले ही यहां रहने आया था। रविवार सुबह यह घटना हुई बताई जा रही है, जबकि इसकी जानकारी लोगों को दोपहर लगी। मकान मालिक सौरभ ने बताया कि वह मकान के दूसरे हिस्से में रहते हैं। सुबह उन्हें घर के अंदर से रोने की तेज आवाज सुनाई दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि किरायेदार का तीन वर्षीय बेटा शिवम बेड पर पड़ा हुआ था। बच्चे का गला कटा हुआ था और उसके शरीर से काफी खून बह चुका था। यह देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि बच्चे की मां मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रहने वाली है। परिवार में मां, उसका सौतेला पति और अन्य परिजन साथ रहते हैं। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान बच्चे के माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिवार के अन्य लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मकान मालिक के अनुसार, शिवम परिवार का इकलौता बेटा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चे का गला किसी धारदार या नुकीली वस्तु से काटा गया है। हालांकि हत्या किसने और क्यों की, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। बच्चे का शव बेड पर मिला और उसके गले पर गंभीर चोट के निशान थे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पूछताछ के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपी के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर