फरीदाबाद : 1.75 करोड़ की लागत से बनी सडक़ दो महीने में ही गुणवत्ता जांच में फेल
फरीदाबाद, 17 नवंबर (हि.स.)। डबुआ कॉलोनी में सरकारी धन से बनाई गई सडक़ की गुणवत्ता की पोल महज दो महीने में खुल गई। करीब 1.75 करोड़ रुपये की लागत से 17 नंबर चुंगी से नवादा गांव तक बनाई गई एक किलोमीटर लंबी आरएमसी सडक़ का सैंपल जांच में तय मानकों पर खरा नहीं उतरा। रिपोर्ट सामने आने के बाद नगर निगम ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही शेष भुगतान पर रोक लगा दी है।
सडक़ निर्माण के दौरान ही स्थानीय लोगों ने इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए शिकायतें की थीं। इसके बाद आरटीआई एक्टिविस्ट अजय ने भी सडक़ निर्माण और गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों से जानकारी मांगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने सडक़ के सैंपल जांच के लिए भेजे, जिनकी रिपोर्ट में गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। स्थानीय लोगों की शिकायतों के अनुसार, सडक़ पर पानी की निकासी के उचित इंतजाम नहीं किए गए हैं। इसके अलावा कई जगह सडक़ ऊबड़-खाबड़ है और इसे समतल बनाने में भी लापरवाही बरती गई है। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पैदा होने की आशंका है।
गौरतलब है कि शहर में खराब सडक़ों का मुद्दा जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भी उठ चुका है। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने सडक़ निर्माण में गुणवत्ता की कमी पर अधिकारियों और ठेकेदारों के प्रति नाराजगी जताई थी। इसके बाद नगर निगम ने तीन सडक़ों को तुड़वाकर दोबारा बनवाया था। नगर निगम के कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। अभी तक ठेकेदार को कुल भुगतान का केवल 20 प्रतिशत ही दिया गया है, जबकि शेष भुगतान रोक दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर