फरीदाबाद : प्रॉपर्टी कारोबारी से 17 करोड़ की ठगी, पुलिस की 20 टीमें जांच में जुटी
फरीदाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद शहर में साइबर ठगों ने एक प्रॉपर्टी कारोबारी के साथ अब तक की सबसे बड़ी साइबर ठगी को अंजाम दिया है। ठगों ने शेयर मार्किट में पैसा निवेश कराकर मोटे मुनाफे का लालच देकर 17 करोड़ रूपए ठग लिए। अब पुलिस की 20 टीमों को इन ठगों को पकडऩे के लिए लगाया गया है, जो अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही है। जानकारी के अनुसार पीड़ित प्रॉपर्टी कारोबारी सेक्टर -15 का रहने वाला है। कुछ समय पहले उसने हाईवे के साथ एक एकड़ जमीन को बेचा था। जिसको बेचकर उसके पास ये पैसा आया था, उसी दौरान उसके मोबाइल पर शेयर मार्किट में निवेश कर मुनाफा कमाने का एक मैसेज प्राप्त हुआ था। जिसके बाद उसी मैसेज में दिए गए नंबर पर निवेश को लेकर बात हुई। बात करने वाले साइबर ठग ने अपने आपकों निवेश करने वाली टीम का हिस्सा बताया और अपने अनुभव का हवाला देते हुए मोटा मुनाफा दिलाने की बात कही। इसके बाठ ठगों ने प्रापर्टी कारोबारी के फोन में एक फर्जी एप डाउनलोड करा दिया था। जिस पर शेयर मार्किट के बारे जानकारी और पैसे निवेश के बारे में बताया गया था। ठगों के बहकावे में आकर कारोबारी ने शुरूवात में छोटे अमाउंट में पैसे इनवेस्ट करना शुरू किया। इस दौरान उसको ऐप पर उसके द्वारा लगाये गए पैसों में मुनाफा दिखाया गया। कारोबारी ने निवेश किए गए पैसों में मुनाफा देख मोटी रकम निवेश करनी शुरू कर दी। इस तरह उसने कुछ समय में 17 करोड़ रूपए का निवेश कर दिया, लेकिन जब उसने अपने पैसे निकालने चाहे तो उसके पैसे नहीं निकल पाए। ठग उसे बहाने बनाकर पैसे निकालने से टालते रहे। जिसके बाद उसको पता चल गया कि उसके साथ साइबर ठगी हो चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार ठगी की रकम अलग-अलग 38 बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। इन खातों और कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। शुरुआत में उन लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है, जिनके बैंक खातों में ठगी की रकम गई। पीडित की शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामले दर्ज किया गया है। पुलिस कमिश्नर सतेंद्र गुप्ता खुद मामले पर नजर रख रहे हैं। इसके लिए पुलिस की अलग-अलग टीम गठित की गई हैं, जो इस ठगी से जुड़े लोगों की पहचान के लिए दिल्ली, नोएडा, मुंबई सहित कई शहरों में छापेमारी कर रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर