फरीदाबाद : 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, मौसेरे भाई सहित दो पर मामला दर्ज
फरीदाबाद, 16 जुलाई (हि.स.)। एनआईटी थाना क्षेत्र की एक कालोनी में मौसी के घर रह रही 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची ने मौसी के लिव इन पार्टनर और अपने 19 वर्षीय मौसेरे भाई पर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने गुरुवार को दोनों आरोपितों के खिलाफ पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता पिछले करीब तीन वर्ष से गांधी कालोनी में अपनी मौसी के साथ रह रही थी। मौसी का बेटा भी उसी घर में रहता है। शिकायत में बताया गया है कि मौसी पिछले कई वर्षों से एक व्यक्ति के साथ लिव-इन संबंध में रह रही है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसकी मौसी घरों में काम करने के लिए चली जाती थी, तब लिव-इन पार्टनर उसे घर में अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करता था। विरोध करने पर वह उसके मुंह में कपड़ा ठूंस देता था। बच्ची का आरोप है कि उसके साथ कई बार यह वारदात की गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका 19 वर्षीय मौसेरा भाई भी शराब के नशे में घर आने के बाद उसके साथ दुष्कर्म करता था। दोनों आरोपितों की धमकियों और भय के कारण वह लंबे समय तक किसी को कुछ नहीं बता सकी। हाल ही में पीड़िता ने पूरी घटना अपनी मौसी को बताई। इसके बाद मौसी ने जिस घर में वह काम करती है, वहां की महिला को इसकी जानकारी दी। महिला पीड़िता और उसकी मौसी को लेकर एनआईटी थाने पहुंची। वहां लीगल एडवाइजर और महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में पीड़िता के बयान दर्ज किए गए। पीड़िता की शिकायत पर एनआईटी थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ पोक्सो एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपितों की तलाश की जा रही है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर