पानीपत: यमुना नदी में नहाने गए बाप-बेटी की डूबने से मौत

 


पानीपत, 16 मई (हि.स.)। पानीपत में शनिवार को यमुना नदी में स्नान करते समय पिता-पुत्री की डूबने से मृत्यु हो गई। हादसे के वक्त परिवार की सबसे छोटी बेटी नहाते समय पानी में डूब रही थी। जिसे बचाने की कोशिश में पिता का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद पिता को बचाने के लिए बड़ी बेटी भी संतुलन खो बैठी। इसके बाद दोनों पानी में डूब गए। जिन्हें करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में दोनों को वहां से सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों के शवों का पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया। पुलिस की

जानकारी के अनुसार, मृतक मनोज पिछले कई सालों से अपने परिवार के साथ पानीपत में रह रहा था। शनिवार को छुट्टी होने के चलते परिवार के सभी सदस्य एक साथ समय बिताने और स्नान करने के लिए यमुना नदी के तट पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पारिवारिक के लोगों के अनुसार, यमुना नदी में नहाते समय अचानक पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण मनोज की छोटी बेटी कैरा डूबने लगी। बेटी को पानी में डूबता और मदद के लिए चिल्लाता देख पिता मनोज ने बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी। मनोज ने किसी तरह अपनी छोटी बेटी कैरा को पानी से बाहर निकाला और सुरक्षित किनारे पर पहुंचा दिया।

बेटी की जान बचाते-बचाते मनोज खुद बुरी तरह थक चुक चुका था। किनारे के पास आते ही अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया। वह खुद को संभाल नहीं पाया और तेज बहाव के कारण गहरे पानी में समाता चला गया। अपने पिता को पानी में डूबता देख किनारे पर खड़ी उनकी बड़ी बेटी 13 वर्षीय चांदनी अपने पिता को बचाने के लिए नदी में आगे बढ़ी। चांदनी तैरकर अपने पिता तक पहुंच भी गई और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज और गहराई बहुत ज्यादा थी। पिता को बचाने की कोशिश में 13 साल की मासूम चांदनी भी पानी के भंवर में फंस गई और देखते ही देखते दोनों पिता-पुत्री आंखों के सामने गहरे पानी में समा गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों और राहगीरों ने तुरंत स्थानीय पुलिस और प्रशासन को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गोताखोरों की टीमों को मौके पर बुलाया गया। गोताखोरों ने तुरंत यमुना नदी के गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब दो घंटे की बेहद कड़ी मशक्कत और तलाश के बाद गोताखोरों की टीम दोनों पिता-पुत्री को पानी के भीतर से बाहर निकालने में कामयाब रही।

नदी से बाहर निकालने के तुरंत बाद पुलिस और परिजनों की मदद से दोनों को अचेत अवस्था में सिविल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों की टीम ने दोनों दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा