हिसार : दो साल से पाबड़ा माइनर की टेल तक नहीं पहुंचा पानी, सिंचाई के लिए तरस रहे किसान

 


काजला और दुर्जनपुर के किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग

हिसार, 03 नवंबर (हि.स.)। पाबड़ा माइनर की टेल पर स्थित किसानों को पिछले करीब

दो वर्षों से सिंचाई का पानी नहीं मिल रहा है। नहर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने

के कारण काजला, दुर्जनपुर सहित आसपास के गांवों के किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए

परेशानी उठानी पड़ रही है। इस समस्या को लेकर किसानों ने मंगलवार काे सिंचाई विभाग के एसई और एक्सईएन को ज्ञापन सौंपकर माइनर की टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की मांग की।

किसानों ने बताया कि पाबड़ा माइनर की टेल संख्या 169145 पर काजला, दुर्जनपुर

सहित आसपास के गांवों की कृषि भूमि पड़ती है। पिछले करीब दो साल से माइनर में पानी

की उचित आपूर्ति नहीं होने के कारण टेल पर स्थित खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

इससे फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका बनी

हुई है। किसानों ने कहा कि सरकार एक ओर किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत

करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उन्हें फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी भी

नहीं मिल रहा। नहरों में पानी की असमान आपूर्ति का सबसे अधिक खामियाजा टेल पर स्थित

खेतों के किसानों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से मांग की कि पाबड़ा माइनर

में नियमित रूप से पर्याप्त पानी छोड़ा जाए और टेल संख्या 169145 तक जलापूर्ति सुनिश्चित

की जाए। इसके साथ ही माइनर की व्यवस्था दुरुस्त कर सभी किसानों को समान रूप से सिंचाई

का पानी उपलब्ध करवाया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में एडवोकेट चन्द्र सहारण बिश्नोई, किसान सभा के नेता

शमशेर सिंह नंबरदार, संदीप बेनिवाल, अनिल धांगड़, किरशन काजला, मधु काजला, भले सिंह,

वीरेंदर गोदारा, राजेंदर काजला, रामकिशन नंबरदार, सूरजभान मलहान, सतबीर काजला, प्रदीप,

अमित पचार दुर्जनपुर, दीपक काजला, रामकुमार, सतबीर सिंह और रघुबीर सहित अन्य किसान

शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर