जींद : करसोला के दीक्षांत घणघस का भारतीय जूनियर हैंडबॉल टीम में चयन

 


जींद, 15 जुलाई (हि.स.)। जुलाना क्षेत्र के गांव करसोला के खिलाड़ी दीक्षांत घणघस का 19वीं जूनियर एशियन हैंडबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय जूनियर हैंडबॉल टीम में चयन हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 15 से 26 जुलाई तक चीन में आयोजित की जाएगी। जिसमें दीक्षांत भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि से पूरे जुलाना क्षेत्र और हरियाणा में खुशी की लहर है। दीक्षांत एक किसान परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता रमेश घणघस खेती कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने बेटे के खेल सपनों को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। वर्षों की मेहनत, अनुशासन और संघर्ष के बाद दीक्षांत ने भारतीय जूनियर हैंडबॉल टीम में जगह बनाकर अपने परिवार, गांव और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

दीक्षांत के चयन की खबर मिलते ही गांव करसोला में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए चीन में होने वाली प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके शानदार प्रदर्शन की कामना की। बुधवार को दीक्षांत के पिता रमेश घणघस ने कहा कि वह एक छोटे किसान हैं और बेटे ने अपनी मेहनत व समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्हें अपने बेटे पर गर्व है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की प्रतिभा को पहचानें और उन्हें आगे बढऩे का अवसर दें। वहींए दीक्षांत घणघस ने कहा कि भारतीय टीम में चयन उनके लिए बेहद गर्व का क्षण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा