नहरी पानी नहीं मिलने पर भड़के किसानों ने जींद-कैथल मार्ग पर लगाया जाम

 


जींद, 05 अगस्त (हि.स.)। बधाना माइनर पर सिंचाई के लिए पर्याप्त नहरी पानी नहीं मिलने और धान की फसल पर मंडराते संकट से नाराज पेगां, बधाना, डाहौला, थुआ, धनखेड़ी समेत आसपास के गांवों के किसानों ने बुधवार को पेगां गांव के बस स्टैंड पर जींद-कैथल मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर अलेवा थाना प्रभारी आत्माराम मौके पर पहुंचे और अलेवा थाना प्रभारी ने कैथल नहरी विभाग के अधीक्षक अभियंता सेे किसानों की बातचीत करवा बधाना माइनर में पानी छोड़े जाने के बाद किसानों ने करीब एक घंटे से लगे जाम को खोल दिया। जाम लगाए किसानों का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सिंचाई विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया। इसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। आरोप है कि पिछले काफी समय से बधाना माइनर से धान की फसल के लिए पर्याप्त नहरी पानी नहीं मिल रहा है।

इस समय धान की खेती पूरी तरह सिंचाई पर निर्भर है लेकिन पानी की कमी के कारण फसलें सूखने की स्थिति में पहुंच गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों से पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की गई लेकिन शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभाग की लगातार अनदेखी के कारण उन्हें सड़क जाम करने के लिए मजबूर होना पड़ा। कैथल नहरी विभाग के एसडीओ अंकित मान ने बताया कि किसानों की अधीक्षक अभियंता कैथल से बात हो चुकी है और हाबड़ी हैड से पानी छोड़ दिया। जिससे किसानों ने जींद-कैथल मार्ग पर लगे जाम को खोल दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा