हिसार में फसल खराबे व बीमा क्लेम की मांग पर लघु सचिवालय पर किसानों का धरना
15 दिन का अल्टीमेटम दिया, नहीं तो लगाएंगे पक्का
मोर्चा
हिसार, 19 मार्च (हि.स.)। फसल खराबी व बीमा क्लेम
की मांग पर पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के बैनर तले लघु सचिवालय के गेट पर
किसानों ने धरना दिया। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान सतीश बेनीवाल ने की, जबकि मंच
संचालन जिला सचिव गोपाल ओड नंगथला ने किया।
किसानों ने गुरुवार को बताया कि वर्ष 2025 में
अत्यधिक बारिश के कारण फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई थीं, लेकिन अभी तक एचडीएफसी बीमा
कंपनी द्वारा किसानों के खातों में नाममात्र का ही क्लेम डाला गया है। इसी तरह सरकार
द्वारा दिया गया मुआवजा भी ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा है।
इस अवसर पर राज्य प्रधान मनदीप सिंह नथवान ने
कहा कि सरकार किसानों के नाम पर नीतियां तो बना रही है, लेकिन ये नीतियां किसानों को
राहत देने के बजाय उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर कर रही हैं। प्रदेश महासचिव संदीप सिवाच
ने बताया कि हिसार जिले के किसानों का वर्ष 2022 का बीमा क्लेम भी अब तक लंबित है,
जिसे तुरंत जारी किया जाना चाहिए। प्रशासन के साथ हुई बातचीत पर किसानों ने असंतोष
जताया और चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर बीमा क्लेम किसानों के खातों में नहीं
डाला गया, तो गेहूं कटाई के बाद लघु सचिवालय के दोनों गेट बंद कर पक्का मोर्चा लगाया
जाएगा। धरने में विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर