सिरसा: किसानों ने मार्केट कमेटियों का किया घेराव

 


सिरसा, 20 अप्रैल (हि.स.)। संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा के आह्वान पर सोमवार को किसानों ने सिरसा जिले की मार्केट कमेटियों का घेराव किया। धरना प्रदर्शन में किसान-मजदूर संगठनों व व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। किसान नेताओं ने कहा कि सरकार अपनी मनमानी नीतियों से किसान व मजदूरों के साथ-साथ व्यापारियों को भी प्रताडि़त कर रही है, जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिरसा के अलावा डबवाली, ऐलनाबाद, कालांवाली, चोपटा व डिंग मंडी में भी किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर तीन घंटे तक धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान किसान नेता भरत झाझड़ा, ओम झुरिया, जगदीश बैनीवाल, महावीर पचार, दीवान सहारण, पप्पू झुरिया,बनवारी पचार फौजी और साहब राम चाडीवाल ने सरकार की नीतियों पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक मशीन लागू होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

किसान पहले ही खेतों में मेहनत और मौसम की मार झेलता है, ऊपर से मंडी में घंटों तक धूप में खड़े रहना पड़ता है। किसान नेताओं ने कहा कि इस प्रक्रिया में समय की भी बर्बादी हो रही है, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसान संगठनों के इस विरोध प्रदर्शन को आढ़तियों व व्यापारियों ने भी अपना समर्थन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma