हिसार : फसलों की एमएसपी पर खरीद की मांग पर किसानों ने किया मंडी में प्रदर्शन

 


डीएपी व यूरिया नहीं मिलने पर भी जताया रोष, मार्केट

कमेटी सचिव को सौंपा ज्ञापन

हिसार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। फसलों की खरीद एमएसपी

पर करने और किसानों को डीएपी व यूरिया उपलब्ध करवाने की मांग पर अखिल भारतीय किसान

सभा तहसील हिसार के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार को नई अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी

कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सैकड़ों किसानों ने भाग लिया।

किसान सभा ने साेमवार काे आरोप लगाया कि खरीफ की कोई भी फसल

अभी तक एमएसपी पर नहीं खरीदी गई है और किसानों की फसलों को औने-पौने दाम पर खरीदा जा

रहा है। किसानों ने मंडी में फसलों की खरीद नहीं होने और एमएसपी पर खरीद न किए जाने

को लेकर सरकार के खिलाफ रोष जताया। इसके अलावा डीएपी व यूरिया नहीं मिलने के विरोध

में मंडी स्थित दुकान नंबर 187 पर भी प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद किसानों ने

मार्केट कमेटी सचिव को ज्ञापन सौंपा।

किसानों ने बताया कि सहकारी समिति के कर्मचारियों

का कहना है कि पोर्टल नहीं खुलने के कारण खाद वितरित नहीं किया जा सकता, जबकि गोदाम

में करीब 800 बैग खाद के भरे पड़े हैं। किसान सभा ने आरोप लगाया कि खाद उपलब्ध होने

के बावजूद किसानों को परेशान किया जा रहा है। अखिल भारतीय किसान सभा तहसील हिसार ने

इस स्थिति की कड़ी निंदा करते हुए किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने की मांग

की।

प्रदर्शन में शमशेर नंबरदार, रमेश मिरकां, कमलादेवी,

अभय राम फौजी, सुरेंद्र मान, लक्ष्मण शाहपुर, मास्टर रामकुमार न्योली, मास्टर जयबीर

मुकलान, सोनू, रतन मात्रश्याम, सतपाल शर्मा, वजीर पूनिया, रामबीर लाडवा और पिरथी गोदारा

सहित अन्य किसान शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर