हिसार : पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने से नाराज किसानों ने किया प्रदर्शन

 


नाराज किसानों ने फूंका सिंचाई मंत्री का पुतला, बड़े आंदोलन की चेतावनी

हिसार, 10 जून (हि.स.)। जिले के अग्रोहा क्षेत्र में राणा माइनर एवं बालक माइनर

में पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने से नाराज किसानों ने विभिन्न किसान संगठनों के नेतृत्व

में प्रदर्शन किया। गुस्साए किसानों ने सिंचाई मंत्री का पुतला फूंककर रोष जताया और

नारेबाजी की।

किसानों के प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए ट्रैफिक बाधित हुआ। किसानों ने

सरकार और सिंचाई विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोनों माइनरों में लगातार दो सप्ताह

पानी छोड़े जाने और टेल क्षेत्र तक पूरा पानी पहुंचाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान

किसान नेता कामरेड सुरेश कुमार और किसान नेता संदीप सिवाच ने बुधवार काे कहा कि राणा माइनर और

बालक माइनर के अंतिम छोर (टेल) तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। इसके कारण क्षेत्र

के किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में धान, चारा व अन्य फसलों के लिए पानी की आवश्यकता बढ़

गई है, लेकिन नहरों में पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने से किसानों की चिंता लगातार बढ़

रही है।

किसान नेताओं ने बताया कि नहरों में पानी की कमी का असर केवल खेती तक ही सीमित

नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। कई गांवों में

जलस्तर प्रभावित होने से लोगों को पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो फसलों को नुकसान

होने के साथ-साथ ग्रामीणों की दिक्कतें भी बढ़ जाएंगी।

संदीप सिवाच ने कहा कि किसान और ग्रामीण लंबे समय से अपनी मांगों को प्रशासन

और सरकार के समक्ष रख रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही राणा माइनर और बालक माइनर में दाे सप्ताह

का पानी नहीं छोड़ा गया और टेल तक पानी पहुंचाने की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई, तो

किसान संगठन आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और सिंचाई

विभाग की होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर