सिरसा: सर्वर डाउन होने पर किसानों ने किया रोड जाम
सिरसा, 13 अप्रैल (हि.स.)। फसल खरीद प्रक्रिया में आ रही तकनीकी दिक्कतों के चलते किसानों ने सोमवार को सिरसा जिला की मंडी कालांवाली में रोड जाम कर दिया। किसानों ने बीच सडक़ में गेहूं से भरी टै्रक्टर ट्रालियां लगा दी और धरने पर बैठ गए। रोड जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुनील कुमार व यातायात प्रभारी भूप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे किसानों से व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
किसान नेता कुलदीप सिंह सुखचैन व गुरदास सिंह लकडांवाली ने कहा कि सरकार गेहूं खरीद के नाम पर उन्हें परेशान कर रही है। इस समय खेतों में काम अधिक होने के चलते उनके पास समय का अभाव है, लेकिन पिछले काफी समय से वे ट्रैक्टर-ट्रालियों में अपनी फसल लेकर धूप में गेट पर खड़े हैं। किसानों ने कहा कि इस समय खेतों में कंबाइन चलने के चलते समय बेहद कीमती है, क्योंकि कंबाइन के पास ट्रैक्टर-ट्राली चाहिए और ट्रैक्टर-ट्राली में वे मंडी में फसल लेकर आए हुए हैं। किसानों ने बताया कि बायोमेट्रिक सत्यापन के बिना फसल की खरीद नहीं हो पा रही, वहीं सर्वर बार-बार डाउन होने से प्रक्रिया पूरी तरह ठप हो रही है। इससे किसानों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है, लेकिन बावजूद इसके उनकी फसल की खरीद नहीं हो पा रही।
किसानों ने बताया कि समस्या को लेकर एसडीएम को अवगत करवाया गया था तब उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया था कि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी, परंतु आज जब किसानों को दिक्कत आई तो एसडीएम उनकी सुध लेने भी नहीं आए। बाद में मार्केट कमेटी के सचिव द्वारा किसानों को सर्वर डॉउन होने की स्थिति में मैन्युनल टोकन काटने का आश्वासन देने के बाद किसानों ने रोड जाम को खोला, जिसके बाद किसानों ने राहत की सांस ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma