यमुनानगर:तकनीकी खामी से गेटपास बंद, किसानों ने सड़क जाम कर जताया विरोध

 


यमुनानगर, 13 अप्रैल (हि.स.)यमुनानगर की जगाधरी अनाज मंडी में गेटपास और बायोमैट्रिक प्रणाली ठप होने से नाराज किसानों ने सोमवार को मंडी के बाहर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रालियां सड़क पर खड़ी कर धरना शुरू कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रोडवेज बसें भी जाम में फंस गईं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कत हुई। सूचना मिलने पर सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

किसानों का कहना है कि तकनीकी समस्या के कारण गेटपास और बायोमैट्रिक सिस्टम काम नहीं कर रहा, जिससे उनकी फसल मंडी में प्रवेश नहीं कर पा रही है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी ट्रैक्टर-ट्रालियों को मंडी में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। मौके पर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी भी पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि सिस्टम को तुरंत दुरुस्त कर खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से शुरू किया जाए। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खामी को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार