बायोमेट्रिक शर्त हटाने की मांग तेज, किसानों को राहत देने की अपील
यमुनानगर, 09 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर में गुरुवार को इंडियन नेशनल लोकदल के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ज़ाहिद खान ने किसानों से जुड़ी समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए बायोमेट्रिक सत्यापन की शर्त को समाप्त करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही है और इसे तुरंत हटाया जाना चाहिए। किसानों ने कहा कि फसल पंजीकरण से लेकर मंडियों में बिक्री तक किसानों पर कई औपचारिकताएं थोप दी गई हैं, जिससे उनकी प्रक्रिया जटिल हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर और बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी शर्तों के कारण किसानों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इनेलो पार्टी नेताओं ने कहा कि किसानों की सहायता के लिए पार्टी की ओर से मंडियों में किसान कष्ट निवारण केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे उन्हें राहत मिल रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि पार्टी द्वारा उठाई गई कई मांगों को सरकार पहले ही स्वीकार कर चुकी है, जिनमें मंडियों के संचालन का समय बढ़ाना और अन्य प्रक्रियाओं में ढील शामिल है।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य परवीन कैल ने कहा कि यदि अनियमितताओं पर रोक लगानी है तो अधिकारियों और व्यापारियों के स्तर पर सख्ती जरूरी है, लेकिन इसके बजाय किसानों पर अतिरिक्त शर्तें लगाई जा रही हैं। उन्होंने हाल ही में हुई बेमौसमी बारिश का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से विशेष गिरदावरी कराकर प्रति एकड़ 50 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग की है, ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार