यमुनानगर के किसान धर्मवीर सिंह को राष्ट्रीय नवाचार सम्मान में प्रथम स्थान

 


यमुनानगर, 28 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर के प्रगतिशील किसान धर्मवीर सिंह कंबोज ने अपने नवाचार से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाते हुए आईआईटी दिल्ली में आयोजित ‘अभ्युदय-2026’ राष्ट्रीय सम्मेलन में अंत्योदय सोशल इम्पैक्ट अवार्ड में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि ने एक बार फिर ग्रामीण प्रतिभा की क्षमता को उजागर किया है। यह सम्मान देश के प्रमुख वैज्ञानिक एवं नवाचार संस्थानों की संयुक्त पहल के तहत प्रदान किया गया।

भारत सरकार के नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन, आईआईटी दिल्ली के उन्नत भारत अभियान तथा विज्ञान भारती जैसे प्रतिष्ठित संगठनों ने उनके कार्य को सामाजिक प्रभाव की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना। कार्यक्रम में देशभर से वैज्ञानिक, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। धर्मवीर सिंह द्वारा विकसित बहुउद्देशीय प्रसंस्करण मशीन किसानों के लिए उपयोगी सिद्ध हो रही है। यह मशीन फूलों और औषधीय पौधों से अर्क निकालने के दौरान गुणवत्ता को सुरक्षित रखती है। इसके अलावा दूध, फल और सब्जियों के प्रसंस्करण जैसे कई कार्य एक ही उपकरण से संभव हैं।

इसकी उपयोगिता को देखते हुए हरियाणा सरकार के बागवानी विभाग ने इस मशीन पर 50 प्रतिशत अनुदान की व्यवस्था की है। धर्मवीर सिंह का जीवन संघर्ष और परिश्रम का उदाहरण है। सीमित शैक्षणिक योग्यता के बावजूद उन्होंने व्यावहारिक अनुभव के आधार पर यह नवाचार विकसित किया। वे पूर्व में राष्ट्रपति भवन में राजकीय अतिथि के रूप में भी आमंत्रित हो चुके हैं, जबकि उनके कार्य को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में भी स्थान मिला है। उनकी तकनीक से देशभर में हजारों किसानों और महिलाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं और यह नवाचार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार