जींद : उचाना तहसील परिसर में किसान ने पीया जहरीला पदार्थ, मौत
जींद, 31 अगस्त (हि.स.)। उचाना तहसील परिसर में सोमवार को एक किसान ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक किसान की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें तहसीलदार, कानूनगो, पटवारी, नंबरदार व उसके भाई पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। उचाना थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव झील निवासी प्रहलाद (60) सोमवार को अपनी जमीन के मामले को लेकर उचाना तहसील में गया था। वहां पर उसने कोई जहरीला पदार्थ पी लिया। जिस से उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे उपचार के लिए उचाना के नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख जींद अस्पताल रेफर कर दिया। यहां प्रहलाद को मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर उचाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। मृतक प्रहलाद के बेटे सोमपाल ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके चाचा राजकुमार ने अपने हिस्से की दो किले जमीन गांव के ही सुमित नंबरदार व उसके भाई सचिन को बेच दी थी। अभी तक हमारी खेवट इकट्ठी थी। खेवट अलग करने का उनका केस कमिश्नर की अदालत में विचाराधीन है।
सोमपाल ने कहा कि आरोपित सुमित नंबरदार व उसका भाई सचिन उसके पिता प्रहलाद को धमकी देते थे कि तुम्हारे भाई की जमीन तो हमने खरीद ली, अब तुम्हारी जमीन पर कब्जा करेंगे। सुमित नंबरदार व उसके भाई सचिन ने तत्कालीन तहसीलदारए कानूनगो व पटवारी के साथ मिलीभगत करके उनकी जमीन की तकसीम अपने नाम करवा ली। सोमपाल ने कहा कि आरोपितों ने उस जमीन की तकसीम अपने नाम करवा ली, जिस जमीन की जुताई उसके पिता प्रहलाद करते थे। इसी कारण उसके पिता कई दिनों से परेशान रहते थे। उचाना थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि पुलिस ने मृतक प्रहलाद के पास से सुसाइड नोट बरामद किया है। मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर सुमित नंबरदार व उसके भाई को नामजद करते हुए तहसीलदार, कानूनगो व पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा