हिसार के जागरूक किसान कुलदीप को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
प्रदेश के चार किसानों में से एक किसान नारनौंद
का
हिसार, 29 मई (हि.स.)। नारनौंद के प्रगतिशील
किसान कुलदीप सिंह आर्य को बागवानी एवं आधुनिक कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के
लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित ‘एएसएम उद्यान रत्न अवार्ड-2026’ से मुख्यमंत्री
ने सम्मानित किया है। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित लेफ्टिनेंट अमित सिंह मेमोरियल फाउंडेशन
की ओर से प्रदान किया गया।
विशेष बात यह रही कि पूरे हरियाणा से केवल चार
किसानों का इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन हुआ, जिनमें कुलदीप सिंह आर्य का नाम
भी शामिल है। कुलदीप आर्य ने पानी को बचाने के लिए फसल चक्र को बदला क्योंकि इस क्षेत्र
में धान की फसल की रोपाई की जाती है जिसमें पानी की ज्यादा खपत होती है। इसलिए अपने
खेत में बागवानी की फसल उगाने का निर्णय लिया ताकि इनकम को भी बढ़ाया जाए।
किसान कुलदीप
ने 10 एकड़ में नींबू, किन्नू और अमरूद जैसी फसलों की आधुनिक एवं बहुफसली खेती अपनाकर
एक सफल मॉडल स्थापित किया है। उन्होंने हाई डेंसिटी प्लांटेशन, फर्टिगेशन तथा इंटरक्रॉपिंग
जैसी उन्नत तकनीकों के माध्यम से उत्पादन और आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। उनकी खेती
को बागवानी विभाग द्वारा प्रशिक्षण एवं प्रेरणा मॉडल के रूप में भी मान्यता प्राप्त
है। इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह में देशभर से किसान, कृषि वैज्ञानिक एवं बागवानी क्षेत्र
से जुड़े लोग शामिल हुए। यह सम्मान उन्हें कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों
के प्रसार तथा अन्य किसानों को प्रेरित करने के लिए प्रदान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर