सिरसा: पानी की डिग्गी में डूबने से किसान की मौत

 


सिरसा, 02 मई (हि.स.)। जिले के उपमंडल डबवाली क्षेत्र में खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से एक किसान की मौत हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक की पहचान गांव कालुआना निवासी कालूराम के रूप में हुई है। मृतक के भाई सुभाष ने शनिवार को बताया कि वे खेती-बाड़ी करते हैं। शुक्रवार रात को वह अपने छोटे भाई कालूराम के साथ पृथ्वी सिंह के खेत में पानी लगा रहा था। उसका भाई कालुराम खेत में बनी डिग्गी से पानी पीने के लिए गया। वहां पर अचानक उसका पैर फिसल गया और वह डूब गया। उसने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कालूराम को डिग्गी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

मेडिकल स्टोरों पर छापा

जिले के ऐलनाबाद क्षेत्र में ड्रग्स कंट्रोल विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा विभिन्न मेडिकल स्टोरों पर औचक छापेमारी कर निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीमों ने मेडिकल स्टोरों पर दवाइयों के स्टॉक, रिकॉर्ड तथा बिक्री संबंधी दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेडिकल संचालकों को सख्त हिदायत दी कि बिना डॉक्टर की अधिकृत पर्ची के किसी भी प्रकार की दवा, विशेषकर नशीली व प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री न करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी मेडिकल स्टोर पर नियमों की अवहेलना करते हुए बिना वैध पर्ची के दवाइयों की बिक्री पाई जाती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma