यमुनानगर से जालंधर गया कारोबारी का परिवार लापता, दंपती व दो बच्चों की तलाश
यमुनानगर, 19 अगस्त (हि.स.)। यमुनानगर के जगाधरी थाना क्षेत्र से एक दंपती अपने दो बच्चों समेत संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिवार 10 अगस्त को जालंधर में एक दोस्त की शादी में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था। चार-पांच दिन में लौटने की बात कही गई थी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी चारों वापस नहीं आए। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में काली माता मंदिर के पीछे अग्रवाल मेटल के पास रहने वाली बीना रानी ने बताया कि उनका 39 वर्षीय बेटा राकेश कुमार स्टील सेल-प्रचेज का काम करता है। वह पत्नी पूजा रानी और बच्चों नौ वर्षीय मिनाक्षी तथा 14 वर्षीय मुकुल के साथ अलग रहता है। परिजनों के अनुसार, 10 अगस्त को राकेश पत्नी और दोनों बच्चों के साथ घर से यह कहकर निकला था कि वह जालंधर में दोस्त की शादी में जा रहा है। उसने चार-पांच दिन में लौटने की बात कही थी।
राकेश के चचेरे भाई वीरेंद्र कुमार ने उसे परिवार सहित जगाधरी बस स्टैंड तक छोड़ा था। बीना रानी के मुताबिक, कई दिन गुजरने के बाद भी जब परिवार नहीं लौटा तो रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश की गई। कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों ने राकेश और पूजा के मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों फोन बंद मिले। वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वह राकेश को बस स्टैंड छोड़ने गया था। रास्ते में उसने जालंधर जाने का कारण पूछा, लेकिन राकेश इस सवाल पर नाराज हो गया। वीरेंद्र के अनुसार, उसने चारों को चंडीगढ़ जाने वाली बस में बैठाया था। इसके बाद परिवार से कोई संपर्क नहीं हो सका। पुलिस परिवार की तलाश के लिए रिश्तेदारों, संभावित स्थानों और उपलब्ध तकनीकी माध्यमों से जानकारी जुटा रही है। फिलहाल परिवार के अचानक संपर्क से बाहर होने का कारण स्पष्ट नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार