कैथल: घर खड़ी थी बाइक, फर्जी नंबर प्लेट से कट गया साढ़े 13 हजार का चालान

 




कैथल, 14 सितंबर (हि.स.)। लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में लोगों ने अलग-अलग विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। शिविर में सबसे अलग मामला गांव बलबेहड़ा से सामने आया, जहां एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल घर पर खड़ी होने के बावजूद उसकी नंबर प्लेट का किसी अन्य वाहन पर इस्तेमाल कर दिया गया। इसके चलते उसके नाम पर 13,500 रुपये का ऑनलाइन चालान कट गया।

गांव बलबेहड़ा निवासी सुखबीर की शिकायत ने अधिकारियों का ध्यान खींचा। उन्होंने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल घर पर खड़ी थी, लेकिन उनकी नंबर प्लेट का किसी अज्ञात व्यक्ति ने दूसरी मोटरसाइकिल पर इस्तेमाल कर लिया। इसी नंबर के आधार पर उनके नाम 13 हजार 500 रुपये का ऑनलाइन चालान जारी हो गया। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग को भेजने के निर्देश दिए।

एसडीएम संजय कुमार ने लोगों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में ग्रामीण क्षेत्रों में आवास योजना का लाभ न मिलने, शहर में सीवरेज ओवरफ्लो और खेत के ट्यूबवेल कनेक्शन का लोड बढ़ाने में देरी की शिकायतें भी पहुंचीं।

मकान कच्चा, सर्वे के बाद भी आवास योजना में नहीं जुड़ा नाम

गांव रामगढ़ पांडवा निवासी सोनिया ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना से संबंधित शिकायत रखते हुए बताया कि वह मजदूर परिवार से हैं और उनका मकान काफी खस्ताहाल है। उन्होंने बताया कि उनके घर का सर्वे भी हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद योजना की लाभार्थी सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया गया। उन्होंने पात्रता के आधार पर योजना का लाभ दिलाने की मांग की।

गली में सीवरेज का पानी जमा होने से परेशानी

आरके पुरम कॉलोनी निवासी चंदन जांगड़ा ने गली में लंबे समय से सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या रखी। उन्होंने बताया कि सीवरेज का पानी बाहर निकलने के कारण जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत पर संबंधित विभाग को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए।

तीन साल से लोड बढ़ाने का इंतजार

गांव बदराना निवासी सतीश कुमार ने खेत के ट्यूबवेल कनेक्शन का लोड बढ़ाने में हो रही देरी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि जून 2023 में निर्धारित शुल्क जमा कर रसीद कटवा ली थी, लेकिन इसके बावजूद अभी तक कनेक्शन का लोड नहीं बढ़ाया गया है। उन्होंने मामले का जल्द समाधान कराने की मांग की। समाधान शिविर में सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, डीएसपी रमेश चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे