हिसार : नियमित परेड व शारीरिक अभ्यास रखता पुलिस कर्मियों को फिट : सिद्धांत जैन
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने किया साप्ताहिक
परेड व पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण
हिसार, 06 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत
जैन ने कहा है कि नियमित परेड और शारीरिक अभ्यास न केवल पुलिस कर्मियों को फिट रखता
है, बल्कि उनकी कार्यक्षमता और मानसिक सतर्कता में भी वृद्धि करता है। उन्होंने कहा
कि एक स्वस्थ पुलिसकर्मी ही समाज की बेहतर सेवा कर सकता है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन सोमवार को पुलिस
लाइन में परेड का निरीक्षण करने उपरांत जवानों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने
न केवल जवानों के टर्न-आउट और अनुशासन का जायजा लिया, बल्कि पुलिस कल्याण और सुरक्षा
व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने पुलिस कर्मियों के उच्च स्तर के अनुशासन, टीम
वर्क और कार्य निष्पादन की सराहना की और कहा कि जवानों को जनसेवा के साथ—साथ अपने स्वास्थ्य
पर भी पूरा ध्यान देना चाहिए।
बॉडी वॉर्न कैमरा लगाना अनिवार्य
पुलिस अधीक्षक निरीक्षण के दौरान विभाग के ईआरवी
और राइडर्स की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को निर्देश
देते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान बॉडी वॉर्न कैमरा लगाना अनिवार्य है। जनता के साथ
बातचीत और किसी भी घटनाक्रम के दौरान कैमरा चालू रहना चाहिए ताकि पारदर्शिता बनी रहे
और साक्ष्य सुरक्षित रहें।
सुरक्षा और आवासीय परिसर का जायजा
निरीक्षण के दौरान एसपी सिद्धांत जैन अचानक
पुलिस आवासीय कॉलोनी के मुख्य द्वार (मेन गेट) पर रुके। वहां तैनात संतरियों और गेट
ड्यूटी कर्मियों को चेक किया और निर्देश देते हुए कहा कि आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों
और वाहनों की सघन चेकिंग की जाए, रजिस्टर में प्रविष्टियां सही ढंग से दर्ज हों,
महिला थाना परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए।उन्होंने आवासीय कॉलोनी
का भ्रमण कर वहां की साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया।
अधिकारियों को दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों
को पुलिस लाइन परिसर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने
स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोताही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
की जाएगी। सभी कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी
के साथ करें, जनता की समस्याओं का निवारण त्वरित और सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए।
परेड की सलामी लेते हुए व ईआरवी जांचते
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर