पंजाब के एक्साइज इंस्पेक्टर का सिरसा में मिला शव

 


सिरसा, 25 अप्रैल (हि.स.)। जिले के उपमंडल डबवाली क्षेत्र से पुलिस ने कार से पंजाब के मोगा में तैनात एक्साइज इंस्पेक्टर का शव बरामद किया है। साथ ही पुलिस को कार से लोडिड पिस्टल भी मिली जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। शनिवार को शव का डबवाली के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार मौत का कारण हार्ट अैटक बताया जा रहा है। शुक्रवार देर रात्रि को पुलिस को सूचना मिली कि गांव डबवाली-जोगेवाला के बीच भारतमाला रोड क्षेत्र में एक कार खड़ी है। पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली तो सीट पर एक व्यक्ति मृत पड़ा था। दस्तावेजों के अधार पर मृतक की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी कर्मजीत सिंह चीमा के रुप में हुई। मृतक मोगा में एक्साइज इंस्पेक्टर तैनात था। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन शनिवार सुबह डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचे और शव की शिनाख्त कर्मजीत के रूप में की। परिजनों का कहना है कि कर्मजीत पंजाब के मोगा में तैनात था जो कि डबवाली से करीब 200 किलोमीटर की दूरी पर है। कर्मजीत यहां कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। परिजनों ने बताया कि कर्मजीत के पास थार जीप है, जबकि जिस कार से कर्मजीत का शव बरामद हुआ है वह किसी अन्य की बताई जा रही है। जिससे मामला संदेहजनक लग रहा है। डबवाली शहर थाना के कार्यकारी प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जाता है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma