सोनीपत प्रताप स्कूल की शिक्षा और खेल में उत्कृष्टता गौरवमयी: शिक्षा मंत्री
सोनीपत, 07 अगस्त (हि.स.)।
शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए प्रताप स्कूल खरखौदा को
ब्रिलिएंस इन स्पोर्ट्स एंड स्कूल एकेडमिक्स सम्मान से नवाजा गया। समारोह
में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं घरौंडा विधायक
हरविंद्र कल्याण तथा करनाल विधायक जगमोहन आनंद ने विद्यालय की प्रधानाचार्या दया दहिया
और एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया को सम्मान प्रदान किया।
विद्यालय
को यह सम्मान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर
पर पहचान दिलाने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षा और खेल के बेहतर समन्वय
के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए मिला है। प्रधानाचार्या
दया दहिया ने कहा कि यह सम्मान केवल विद्यालय प्रबंधन का नहीं, बल्कि विद्यार्थियों,
शिक्षकों, प्रशिक्षकों, कर्मचारियों और अभिभावकों के सामूहिक परिश्रम का परिणाम है।
विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक
सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें अनुशासित, संस्कारित, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक
बनाना है।
एकेडमिक
डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया ने बताया कि विद्यालय स्थापना के समय से ही गुणवत्तापूर्ण
शिक्षा के साथ उच्चस्तरीय खेल प्रशिक्षण को प्राथमिकता देता आ रहा है। अब तक 263 अंतरराष्ट्रीय
पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय
प्रबंधन समिति और स्टाफ ने सम्मान मिलने पर खुशी जताते हुए इसे पूरे प्रताप परिवार
के लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण बताया। विद्यालय ने यह सम्मान विद्यार्थियों, शिक्षकों,
प्रशिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों को समर्पित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना