सोनीपत: गन्नौर में पूर्व आरएफओ की पत्थर से वार कर हत्या, अरोपी काबू
सोनीपत, 06 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत
में गन्नौर के अगवानपुर रोड स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के सामने रविवार को दिनदहाड़े
वन विभाग से सेवानिवृत्त पूर्व आरएफओ जयपाल राठी की पत्थर से वार कर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान भोगीपुर गांव निवासी जयपाल राठी के रूप में हुई है। वारदात की सूचना
मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले
की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस
के अनुसार जयपाल राठी निजी काम से कार में गन्नौर की ओर जा रहे थे। सीवेज ट्रीटमेंट
प्लांट के सामने उनकी कार के आगे एक युवक खड़ा था। जयपाल ने उसे हटने के लिए कहा। इसी
बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद झगड़े में बदल गया।
आरोप है कि युवक रवि माहरा ने पास पड़े बड़े पत्थर से जयपाल राठी के सिर पर तीन-चार
वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात
के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी रवि माहरा को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर थाना
प्रभारी बीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी गन्नौर क्षेत्र का ही रहने वाला है। सूचना
मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस
ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी
की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस
का कहना है कि शुरुआती जांच में कहासुनी के बाद पत्थर से हमला किए जाने की बात सामने
आई है। हत्या के पीछे कोई रंजिश, लूटपाट या अन्य विवाद था या नहीं, इसकी जांच की जा
रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना