जींद : डिप्टी स्पीकर ने किया अनाज मंडी का निरीक्षण, खरीद प्रक्रिया का लिया जायजा

 


जींद, 09 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में फसल खरीद प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडियों के अंदर किसी भी किसान को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

डिप्टी स्पीकर ने गुरूवार को नई अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की मेहनत की पूरी कद्र करती है और उनकी गेहूं की फसल का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना और उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना है ताकि कृषि क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे बिना किसी चिंता के अपनी फसल मंडियों में लेकर आएं। क्योंकि सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ उनकी फसल खरीद सुनिश्चित कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं। इस अवसर पर एडीसी प्रदीप कुमार, एसडीएम सत्यवान सिंह मान व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा