नूंह में कांग्रेस ने निकाला ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ विरोध मार्च

 




नूंह, 18 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी की ओर से लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर पुनहाना विधानसभा क्षेत्र के पुनहाना और पिनगवां ब्लॉक में रविवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ विरोध मार्च एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा सरकार और निर्वाचन व्यवस्था पर सवाल उठाए।

विरोध मार्च के दौरान ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’, ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ और ‘लोकतंत्र बचाओ’ जैसे नारे लगाए गए।

कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि जिला कांग्रेस कमेटी नूंह की अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शहीदा खान ने अध्यक्षता की। पुनहाना ब्लॉक में कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष सैफुल्लाह खान ने किया, जबकि पिनगवां ब्लॉक में विरोध मार्च की जिम्मेदारी ब्लॉक अध्यक्ष मुबारिक मलिक ने संभाली।

विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार को सुरक्षित रखने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय होना जरूरी है। प्रत्येक नागरिक का वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण ताकत है। यदि चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में सवाल उठते हैं, तो उनका निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाना चाहिए, ताकि लोगों का लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास बना रहे।

नेताओं ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को उनके संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी मताधिकार की सुरक्षा, निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के मुद्दों को आगे भी प्रमुखता से उठाती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया