हिसार : सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना के साथ सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए : रणधीर पनिहार
केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर विचार गोष्ठी आयोजित
हिसार, 13 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष के कार्यकाल के दौरान सेवा,
सुशासन और जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय विषय पर शनिवार को विचार गोष्ठी का आयोजन किया
गया। कार्यक्रम में नलवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर पनिहार एवं मेयर प्रवीण
पोपली ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेते हुए केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों की
उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विधायक रणधीर पनिहार ने शनिवार काे कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी
योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि
सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होने से समाज की अंतिम पंक्ति में
खड़े व्यक्ति के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि सेवा,
सुशासन और गरीब कल्याण की भावना के साथ सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
महापौर प्रवीण पोपली ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला
योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन तथा डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते
हुए कहा कि इनसे करोड़ों नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आया है और देश विकास की नई
ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हुआ है।
कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने उपस्थित प्रबुद्धजनों
का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य
में जिले में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों एवं जनजागरण कार्यक्रमों की जानकारी
भी दी।
इस अवसर पर एएसपी मयंक मुद्गगिल, एसडीएम ज्योति मित्तल, अतिरिक्त निगमायुक्त
प्रदीप हुड्डा, सीईओ सुभाष चंद्र, डीडीपीओ नरेंद्र, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ सुभाष खतरेजा,
जिला आयुष अधिकारी डॉ. धर्मपाल पूनिया, जिला खेल अधिकारी नरेश सैनी, जिला कार्यक्रम
प्रबंधक वीरेंद्र श्योराण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित
रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर