हिसार : एचएयू में दाखिले की राह हुई आसान: स्नातक व स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम घोषित
बीएससी एग्रीकल्चर में अरनव धवन रहे टॉपर, विभिन्न पाठ्यक्रमों के मेधावी छात्रों
की सूची जारी
दो अगस्त से वेबसाइट पर देख सकेंगे परिणाम, तीन अगस्त से शुरू होगी ऑनलाइन
काउंसलिंग
हिसार, 01 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के कृषि शिक्षा के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों
में शामिल हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने वर्ष 2026-27 के विभिन्न स्नातक
एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम
घोषित कर दिए हैं। परिणाम जारी होने के साथ ही हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार समाप्त
हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दो अगस्त से अभ्यर्थी अपना
परिणाम ऑनलाइन देख सकेंगे, जबकि तीन अगस्त से ऑनलाइन काउंसलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन
की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने शनिवार काे बताया कि 12, 19 और 25 जुलाई
को विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की
गई थीं। पारदर्शी एवं समयबद्ध मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद सभी परीक्षाओं के परिणाम
घोषित कर दिए गए हैं। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि हकृवि गुणवत्तापूर्ण
कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध
कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि में काउंसलिंग
प्रक्रिया पूरी करने की अपील भी की।
बीएससी एग्रीकल्चर में अरनव धवन ने किया टॉप
बीएससी (ऑनर्स) एग्रीकल्चर चार वर्षीय पाठ्यक्रम में अरनव धवन ने 95 अंक प्राप्त
कर प्रथम स्थान हासिल किया। कुलीन 93.5 अंकों के साथ दूसरे तथा प्रवेश 92.5 अंकों के
साथ तीसरे स्थान पर रहे। बीएससी (ऑनर्स) एग्रीकल्चर (2+4 वर्षीय) पाठ्यक्रम में निश्चय
कुमार ने 88 अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया। दुष्यंत 87 अंकों के साथ दूसरे
और संस्कार बेनीवाल 85 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
अन्य पाठ्यक्रमों के टॉपर भी घोषित
विश्वविद्यालय ने अन्य स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के टॉपर्स की सूची
भी जारी की है। बीएससी (ऑनर्स) कम्युनिटी साइंस में दीपांशु (88 अंक), बीएफएससी में
विहान वर्मा (78.5 अंक), बीएससी (ऑनर्स) फिजिकल साइंस में मासूम (71 अंक), बीएससी
(ऑनर्स) लाइफ साइंस में मानवी (91.5 अंक), एमएससी एग्रीकल्चर में निकिता मलिक (90 अंक),
एमटेक में प्रतीक (74 अंक), एमएससी कम्युनिटी साइंस में सोनिया रानी (70 अंक), एमएफएससी
में कमलजीत (88 अंक), पीजी मेडिकल में स्वीटी (75 अंक), पीजी नॉन-मेडिकल में अमन
(53 अंक), पीजी सोशियोलॉजी में नितीन सहारण (84 अंक) तथा पीजी मैथेमेटिक्स में निकिता
(75 अंक) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दो अगस्त से परिणाम, तीन से ऑनलाइन काउंसलिंग
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. पवन कुमार ने बताया कि अभ्यर्थी 2 अगस्त से विश्वविद्यालय
की वेबसाइट admissions.hau.ac.in एवं hau.ac.in पर अपने परिणाम देख सकेंगे। इसके बाद
तीन अगस्त से ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। अभ्यर्थियों को अपने लॉगिन पोर्टल
पर पंजीकरण कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया
का विस्तृत कार्यक्रम भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। अभ्यर्थियों
को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर वेबसाइट का अवलोकन करते रहें, ताकि काउंसलिंग, सीट
आवंटन और प्रवेश से संबंधित किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वंचित न रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर