जींद में तीन हजार युवा देंगे नीट की परीक्षा,प्रशासन ने शुरू की तैयारी

 


जींद, 05 जून (हि.स.)। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां तेज कर दी हैं। नीट परीक्षा को लेकर जिले में कुल छह परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। जहां 3018 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें राजकीय कॉलेज में 600 परीक्षार्थी, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद ब्लॉक में 594 और सीवी रमन ब्लॉक में 528 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

भारत सिनेमा के पास स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 408 परीक्षार्थी, स्थानीय डिफेंस कॉलोनी स्थित गल्र्स मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 312 परीक्षार्थी, पीआईजी कॉलेज फॉर वूमेन में 576 परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा दिलवानी सुनिश्चित की गई है। एडीसी प्रदीप कुमार ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एडीसी ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से रहते पूरी कर ली जाएं ताकि किसी भी परीक्षार्थी को कोई असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बैठने की उचित व्यवस्था और साफ.सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो। इसी प्रकार उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में महिला व पुरुष पुलिस बल की तैनाती की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए जाएं।

एडीसी ने परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे परीक्षा से एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का दौरा अवश्य कर लें ताकि परीक्षा वाले दिन उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन एक बजकर 15 मिनट पर सभी सेंटर खुल जाएंगें। लिहाजा परिक्षार्थियों के लिए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना बेहद जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा