हिसार के गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय पहुंचीं निकारागुआ की राजदूत, हरियाणवी सांग का लिया आनंद
रविवार को विद्यार्थियों से करेंगी संवाद और विश्वविद्यालय
की विभिन्न लैब व संस्थानों का करेंगी दौरा
हिसार, 21 नवंबर (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में चल रहे तीन दिवसीय युवा महोत्सव ‘प्रबोधिनी’ में शनिवार शाम भारत में निकारागुआ गणराज्य की राजदूत महामहिम सुश्री नादेस्का
इमारा कुथबर्ट कार्लसन विशेष अतिथि के रूप में पहुंचीं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.
विजय कुमार ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कुलसचिव डॉ. विजय कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता
एवं अंतरराष्ट्रीय मामलों के अधिष्ठाता प्रो. ओमप्रकाश सांगवान भी उपस्थित रहे।
मई 2026 से भारत में निकारागुआ की राजदूत के रूप
में कार्यरत सुश्री कार्लसन इससे पहले जिम्बाब्वे में राजदूत के पद पर सेवाएं दे चुकी
हैं। इसके अलावा मलावी, बुरुंडी, रवांडा और जाम्बिया में भी समवर्ती प्रत्यायन की जिम्मेदारी
संभाल चुकी हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय संबंधों, लोक प्रशासन और स्थानीय शासन के क्षेत्र
में व्यापक अनुभव है।
विश्वविद्यालय पहुंचने पर राजदूत ने गुरु जम्भेश्वर
महाराज धार्मिक अध्ययन संस्थान में गुरु जम्भेश्वर जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि
अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मयूर रंगमंच पर हरियाणवी सांग की प्रस्तुति देखी और लोक
संस्कृति की इस पारंपरिक विधा का आनंद लिया।
अंतरराष्ट्रीय मामलों के अधिष्ठाता प्रो. ओमप्रकाश
सांगवान ने बताया कि सुश्री कार्लसन रविवार को भी विश्वविद्यालय का दौरा करेंगी। इस
दौरान वे सीआईएल लैब, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नवाचार एवं उद्भवन केंद्र, डॉ. भीमराव
अंबेडकर पुस्तकालय और जैव प्रौद्योगिकी विभाग का अवलोकन करेंगी। वे युवा महोत्सव की
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने के साथ चौ. रणबीर सिंह सभागार में विद्यार्थियों
से संवाद भी करेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर