कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा वांछित आरोपी

 


कैथल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। गुहला थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम का सामना एक वांछित आरोपी से हो गया। बाबकपुर से रता खेड़ा जाने वाली सड़क के पास जंगल में पुलिस ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली एएसआई अजीत सिंह की छाती पर लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के घुटने में गोली लगी और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम रात के समय गुहला क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि पंजाब के अलीपुर निवासी कृपाल बाबकपुर-रता खेड़ा मार्ग के पास जंगल में मौजूद है। बताया जा रहा है कि आरोपी चोरी और छीना-झपटी के कई मामलों में वांछित है। सूचना मिलने के बाद एएसआई अजीत सिंह, एएसआई राममेहर, एएसआई अशोक, एएसआई संदीप और सिपाही सरवन कुमार की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी जंगल की तरफ भागने लगा। टीम ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। फायरिंग में एक गोली एएसआई अजीत सिंह की छाती पर लगी। गनीमत रही कि उस समय उन्होंने बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी।

पुलिस ने अपनी सुरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के घुटने में गोली लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 बोर का अवैध हथियार बरामद किया गया। घायल आरोपी को पुलिस ने उपचार के लिए पहले गुहला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागरिक अस्पताल कैथल रेफर कर दिया गया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद हथियार और आरोपी के पुराने आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे