सिरसा: सफाई कर्मचारियों ने ठेका प्रथा के विरोध में फूंका सरकार का पुतला
सिरसा, 18 मार्च (हि.स.)। जिले में नगर पालिका कर्मचारी संघ ने ठेका प्रथा के विरोध में रोष प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला फूंका। सिरसा नगर परिषद सहित डबवाली, ऐलनाबाद, रानियां व कालांवाली में सफाई कर्मचारियों ने रोष प्रदर्शन किया। कर्मचारियों मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार कर्मचारियों का शोषण कर रही है।
यूनियन के जिला प्रधान मुकेश कुमार ने बुधवार को बताया कि कर्मचारियों की मांग है कि हरियाणा में नगर निगम, नगर परिषद व नगरपालिकाओं से ठेका प्रथा को बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार कहती है कि ठेका प्रथा बंद की जाएगी, वहीं दूसरी तरफ ठेका प्रथा को बढावा देते हुए कर्मचारियों का शोषणा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक ठेके पर लगे सफाई कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जाता तब तक उन्हें 30 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाए।
रानियां नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान सोमपाल पुहाल ने कहा कि पालिकाओं में सफाई व सीवर के कार्य ठेकेदारी प्रथा से करवाए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ठेकेदारी प्रथा पर तुरंत रोक लगाई जाए, कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। सोमपाल पुहाल ने बताया कि ठेकेदार द्वारा हटाए गए तीन कर्मचारियों को चार माह से ड्यूटी पर वापस नहीं लिया गया है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार द्वारा रानियां में फरवरी माह का वेतन भी अभी तक कर्मचारियों को नहीं दिया गया है। इस मौके पर रमेश पाल, सज्जन कुमार, ममता रानी, सुखांत कौर, सुमित्रा देवी, अनूप कुमार, भरत कुमार व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma