लाखों रूपये की नकदी लेकर कर्मचारी फरार, मामला दर्ज

 

रोहतक, 20 मार्च (हि.स.)। नई सब्जी मंडी से एक व्यापारी की स्कूटी में रखे लाखों रूपये लेकर कर्मचारी के स्कूटी सहित फरार हो जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इस बारे में पता किया। पुलिस के अनुसार गढ़ी मोहल्ला निवासी हितेश ने बताया कि सब्जी मंडी में वह आढ़त का काम करता है और उसके पास राजू उर्फ राजकुमार निवासी बटनिया जिला बहराइच नौकरी करता है।

हितेश ने बताया कि उसने पांच लाख 70 हजार रूपये स्कूटी की डिगी में रखे थे, जिसे बैक में जमा करवाना था। जैसे ही वह मंडी से बैक के लिए निकला तभी एक ग्राहक आ गया और वह स्कूटी खड़ी करके ग्राहक को सामान देने चला गया तभी राजू उसके पास आया और खाना खाने जाने के लिए स्कूटी की चाबी मांग कर ले गया। हितेश ने बताया कि काफी देर तक राजू का इंतजार किया, लेकिन वह वापिस नहीं आया और जब उसके बारे में पता किया तो राजू का कोई सुराग नहीं मिला है।

पुलिस ने इस संबंध में पीडित की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संबंधित स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल