हिसार : आईजी ने दिए गंभीर मामलों की जांच में तेजी, लंबित केस निपटाने के निर्देश
आईजी कुलदीप सिंह यादव ने की अपराध समीक्षा, अधिकारियों
को दिए सख्त दिशा-निर्देश
हिसार, 22 सितंबर (हि.स.)। हिसार रेंज के पुलिस
महानिरीक्षक कुलदीप सिंह यादव ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस
अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। एसपी सिद्धांत व एएसपी मयंक मुदगिल सहित
जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रभारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध की
स्थिति की समीक्षा करते हुए गंभीर अपराधों की जांच, लंबित अभियोगों का निस्तारण, वांछित
एवं उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी, नशा तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क
सुरक्षा से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई।आईजी ने निर्देश दिए कि गंभीर एवं संगीन अपराधों
की जांच में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उपलब्ध साक्ष्यों का वैज्ञानिक और तकनीकी
आधार पर उपयोग करते हुए मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने लंबित मामलों
की नियमित समीक्षा कर जल्द निस्तारण तथा वांछित और उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी
के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। नशा तस्करी की समीक्षा के दौरान उन्होंने केवल
नशीले पदार्थ की बरामदगी तक कार्रवाई सीमित न रखने और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क,
सप्लायर तथा अन्य लोगों की भूमिका की जांच करने के निर्देश दिए। हॉटस्पॉट क्षेत्रों
में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने को भी कहा।
साइबर अपराध के मामलों में तकनीकी संसाधनों के
प्रभावी इस्तेमाल और साइबर ठगी के नए तरीकों के प्रति आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया
गया। महिला सुरक्षा के मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता से कार्रवाई तथा सड़क
दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
गए। आईजी ने आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण करने के साथ पुलिस
कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखने को कहा। बैठक में एसपी सिद्धांत जैन ने जिले में अपराध
नियंत्रण, नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, लंबित मामलों के निस्तारण, वांछित अपराधियों
की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी दी तथा निर्देशों की समयबद्ध
अनुपालना का भरोसा दिलाया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर