सिरसा: निजी कंपनी को लाइसेंस देने पर भडक़े कर्मचारी, प्रतियां जलाकर किया विरोध
सिरसा, 31 अगस्त (हि.स.)। बिजली कर्मचारियों ने गुरुग्राम एवं नूंह जिलों में निजी कंपनी को समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस दिए जाने के प्रस्ताव का साेमवार काे सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और प्रतियां जलाई। सिरसा के ऐलनाबाद में विरोध प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी नेताओं ने बताया कि गुरुग्राम एवं नूंह राजस्व जिलों में इलेवन पॉवर प्रा. लि. गुरुग्राम द्वारा समानांतर विद्युत वितरण लाइसेंस के लिए हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के समक्ष याचिका दायर की गई है।
कर्मचारी नेताओं राजेश भाकर, हरिकिशन कंबोज ने सवाल उठाते हुए कहा कि कंपनी ने लगभग 4,717 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिसमें करीब 1,415 करोड़ रुपये इक्विटी बताई गई है, जबकि कंपनी की चुकता पूंजी मात्र एक करोड़ रुपये है। कंपनी के पास बिजली विभाग में कोई अनुभव नहीं है, इसके बावजूद एचईआरसी की विशेषज्ञ समिति द्वारा लाइसेंस देने की सिफारिश की गई है। कर्मचारियों ने समिति की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग की है। गुरुग्राम क्षेत्र बिजली निगम के राजस्व में लगभग 40 प्रतिशत योगदान देता है। यदि अधिक भुगतान करने वाले उपभोक्ता निजी क्षेत्र में चले जाते हैं तो क्रॉस-सब्सिडी व्यवस्था प्रभावित होगी और इसका सीधा भार ग्रामीण, कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। प्रस्तावित पैरेलल लाइसेंस को रद्द करने के साथ ही विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक करने, सभी संबंधित हितधारकों को सुनवाई का अवसर देने तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी का गठन 6 जून 2025 को हुआ था तथा उसने तीन अन्य कंपनियों के साथ गठबंधन किया है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यह मामला केवल गुरुग्राम और नूंह तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के करोड़ों ग्रामीण, कृषि एवं घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के हितों से जुड़ा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma