यमुनानगर:चलती ई-स्कूटी में लगी आग, बड़ा हादसा टला

 


यमुनानगर, 12 जून (हि.स.)। यमुनानगर शहर के सौंधी मोहल्ला क्षेत्र में शुक्रवार को एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग भड़कने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वाहन देखते ही देखते धूं-धूं कर जलने लगा। हालांकि चालक की त्वरित सूझबूझ के चलते कोई जनहानि नहीं हुई और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

यमुनानगर निवासी बृजभूषण ने बताया कि उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी को उनका एक परिचित किसी कार्य से लेकर गया हुआ था। सौंधी मोहल्ला पहुंचने से पहले वाहन से असामान्य रूप से धुआं निकलता दिखाई दिया।

स्थिति को गंभीर भांपते हुए चालक ने तत्काल स्कूटी को सड़क किनारे रोक दिया और सुरक्षित दूरी बना ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही क्षण बाद स्कूटी में तेज आवाज के साथ आग लग गई, जिसने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हलचल मच गई। स्थानीय लोगों ने प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती रहीं। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया। तब तक स्कूटी पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।

स्कूटी मालिक बृजभूषण ने बताया कि वाहन लगभग दो वर्ष पूर्व खरीदा गया था। आग लगने के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार