हरियाणा में निकाय चुनाव करवाने को तैनात होंगे छह हजार कर्मचारी

 

चंडीगढ़, 13 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में होने जा रहे निकाय चुनाव का ऐलान होते ही निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हरियाणा के चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने सोमवार को चुनाव कार्यक्रम का ऐलान करने के बाद बताया कि नगर निगम, नगर परिषद तथा नगर पालिका में अध्यक्ष पद का चुनाव सीधे आम जनता द्वारा किया जाएगा। सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर, नगर परिषद व नगर पालिका में उपप्रधान संबंधित निकाय सदस्यों द्वारा चुनाव के आधार पर भरे जाएंगे।

इन चुनावों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए छह हजार से अधिक मतदान कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। जिनमें रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, पर्यवेक्षी कर्मचारी, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी तथा अन्य कर्मचारी शामिल होंगे। चुनाव को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष करवाने के लिए सुरक्षा की दृष्टि से इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर जरूरत के अनुसार संवेदनशील, अति संवेदनशील तथा सामान्य श्रेणी के मतदान केंद्रों पर पुलिस बल को तैनात किया जाएगा। समूचे चुनाव प्रक्रिया के लिए दो हजार से अधिक ईवीएम का प्रयोग किया जाएगा। महापौर अध्यक्ष और सदस्य के लिए अलग अलग ईवीएम का प्रयोग किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महापौर अध्यक्ष के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र होगा और सदस्यों के लिए सफेद रंग का मतपत्र होगा। इस चुनाव को स्वतंत्र तरीके से करवाने के लिए राज्य चुनाव आयोग द्वारा सीनियर आईएएस तथा एचसीएस अधिकारियों को चुनाव आब्जर्वर, कानून-व्यवस्था के मद्देनजर सीनियर आईपीएस तथा एचपीएस अधिकारियों को पुलिस आब्जर्वर तैनात किया जाएगा। इसके अलावा निकायों में आबकारी एवं काराधन विभाग के सीनियर अधिकारियों को खर्चा आब्जर्वर नियुक्त किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा