चुनावों के बेहतर संचालन में सभी राजनीतिक दलों का सहयोग जरूरी : देवेंद्र सिंह कल्याण
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने की प्रतिनिधियों के साथ बैठक
चंडीगढ़, 22 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आहवान किया है कि वह चुनाव आचार संहिता का पालन करते हुए निष्पक्ष चुनाव संचालन में सहयोग करें। बुधवार को चंडीगढ़ में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल से आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है।
बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि वे आचार संहिता के प्रावधानों का पूर्ण सम्मान करते हुए चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करें। कल्याण ने आपसी सहयोग और पारदर्शिता पर बल देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किसी भी प्रकार के प्रलोभन, डराने-धमकाने या मतदान केंद्रों के समीप प्रचार से बचना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि रैलियों और जुलूसों के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखना सभी दलों की साझा जिम्मेदारी है। बैठक में यह भी आग्रह किया गया कि किसी भी प्रकार के भडक़ाऊ प्रदर्शन, पुतला दहन या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों से दूर रहकर सकारात्मक माहौल बनाए रखा जाए।
उन्होंने उम्मीदवारों द्वारा आपराधिक मामलों से संबंधित शपथ पत्र देने और उसे सार्वजनिक करने की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला। इसी प्रकार राजनीतिक दलों द्वारा भी ऐसे उम्मीदवारों के संबंध में आवश्यक जानकारी अपनी वेबसाइट और अन्य माध्यमों पर प्रकाशित करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि वे आपसी सहयोग, विश्वास और सकारात्मक सहभागिता के साथ चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफल बनाने में अपना योगदान दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा