यमुनानगर:सेवानिवृत्त अभियंता की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर, 23 जून (हि.स.) यमुनानगर के जठलाना गांव में सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता जगदीश बंसल की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा सके।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने मंगलवार को बताया कि 19 जून को हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर जिले की विभिन्न पुलिस इकाइयों को जांच में लगाया गया था। अपराध शाखा-1 व 2 ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मामले में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की।
जांच के दौरान पुलिस ने गांव जठलाना और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। वारदात की रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 22 जून को करनाल जिले के गांव घीड के निकट दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अजय कुमार और अंकित निवासी गांव घीड, जिला करनाल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी चोरी की नीयत से जगदीश बंसल के घर में दाखिल हुए थे। बताया गया कि विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इस संबंध में थाना जठलाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अजय कुमार के खिलाफ लूट और चोरी से जुड़े छह आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अंकित के विरुद्ध ऐसे चार मामले न्यायालयों में विचाराधीन हैं। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात, चोरी के उद्देश्य और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार