सिरसा: रेलगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
सिरसा, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले के कालांवाली कस्बे में रेलगाड़ी की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान कालांवाली निवासी मान सिंह केरूप में हुई। शव का सोमवार को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि शनिवार रात्रि बठिंडा से सिरसा जा रही रेलगाड़ी के नीचे आने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। शव की पहचान होने पर मृतक के बेटे होशियार सिंह व भतीजे सुभाष सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गदराना रोड पर रेलवे लाइन के दूसरी तरफ उनका खेत है, उसके पिता खेत की देखभाल के लिए गए हुए थे। रेलवे लाइन क्रॉस करते समय रेलगाड़ी आने का पता नहीं चल पाया और गाड़ी की चपेट में आ गए।
जेल में हवालाती पर हमला, सात आरोपी गिरफ्तार
जिला जेल सिरसा में बंद एक हवालाती पर जेल में बंदियों द्वारा हमला करने के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार गांव गिदड़ खेड़ा निवासी सेवा सिंह, जो वर्तमान में जिला जेल सिरसा में हवालाती है, ने शिकायत में बताया कि हरविंद्र सिंह, जशनदीप, राम सिंह, जसप्रीत सिंह, हर्षदीप सिंह, जगदीप सिंह तथा हर्ष ने उसके भांजे दीपक के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब वह बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने गिलास से उसके सिर और कलाई पर वार कर दिया। जेल कर्मचारियों ने दोनों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और घायल सेवा सिंह को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा पहुंचाया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह और उसका भांजा दीपक गांव में पानी की बारी को लेकर हुए पुराने विवाद के मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma