एचटेट परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार, सभी व्यवस्थाएं पूरी
नूंह, 03 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 का आयोजन चार एवं पांच जुलाई को किया जाएगा। जिला नूंह में परीक्षा के लिए आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
डीसी नूंह अखिल पिलानी ने शुक्रवार को बताया कि चार जुलाई की सायंकालीन पाली में पीजीटी स्तर की परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 1,058 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं पांच जुलाई की प्रातःकालीन पाली में टीजीटी स्तर की परीक्षा होगी, जिसमें 2,362 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे तथा सायंकालीन पाली में पीआरटी स्तर की परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 1,458 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
डीसी ने कहा कि परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की गई थी। इसके बाद सभी केंद्र अधीक्षकों, विद्यालय प्राचार्यों, ड्यूटी मजिस्ट्रेटों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए तथा सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन भी कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर संबंधित विद्यालय का प्रधानाचार्य/संस्थान प्रमुख मुख्य केंद्र अधीक्षक होगा। प्रश्न-पत्र जिला कोषागार (ट्रेजरी) में प्राप्त होंगे। परीक्षा के दिन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के प्रतिनिधि, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं केंद्र अधीक्षक संयुक्त रूप से प्रश्न-पत्र प्राप्त कर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएंगे।
सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। गर्मी के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी तैनात रहेंगी। बिजली निगम को निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वही उन्होंने बताया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 लागू रहेगी, जिसके तहत सभी फोटोकॉपी केंद्र बंद रहेंगे। पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास और छतों पर भी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया