सिरसा में नशीले पदार्थों समेत आठ नशा तस्कर काबू
सिरसा, 27 जून (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र में आठ तस्करों को गिरफ्तार कर चूरापोस्त, अफीम व हेरोइन बरामद की है। पुलिस द्वारा कार व एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त व चेकिंग पर थी। इसी दौरान रिलायंस पंप के निकट एक बाइक सवार युवक आता हुआ दिखाई दिया, जो कि सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे सेे अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है।
सीआईए कालांवाली पुलिस ने गांव बनवाला क्षेत्रमें गुप्त सूचना एवं निगरानी अभियान के दौरान संदेह के आधार एक कार चालक को काबू कर उसके कब्जे एक किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। तस्कर की पहचान सिरसा निवासी प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया जगदीश पाल ने उसे चूरापोस्त सप्लाई किया था जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगदीश पाल को भी काबू कर लिया है। एएनसी स्टाफ डबवाली प्रभारी रणजोध सिंह की टीम ने गांव केवल गुरलाल सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। इसके अलावा सीआई डबवाली पुलिस ने गांव पन्नीवालामोरिका क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार विष्णु को साढ़े सात ग्राम हेरोइन सहित काबू कर सप्लायर भीम सिंह को भी दबोचा है। सदर थाना डबवाली पुलिस ने नशा तस्करी के तीन मामले में फरार चल रहे सिंकदर व मोहम्मद रमजान को को काबू किया है। पुलिस द्वारा नशा तस्करों, सप्लायरों और नशे के नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों पर लगातार प्रहार किए जा रहे हैं। पुलिस की सक्रियता और लगातार दबिशों के कारण नशा कारोबारियों में हडक़ंप का माहौल है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma